श्रीलंका भेजे गए महात्मा बुद्ध के पवित्र अवशेष
गोरखपुर। महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लोकार्पण पर श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल के साथ लाए गए महात्मा बुद्ध के पवित्र अवशेष शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच श्रीलंका भेजे गए। विशेष सुरक्षा अधिकारी एसपी सिटी सोनम कुमार की देखरेख में पवित्र अवशेष गोरखपुर हवाई अड्डे पर विशेष विमान तक पहुंचाए गए।
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण के दौरान 20 अक्तूबर को श्रीलंका से भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लाए गए थे। इसे कुशीनगर स्थित महापरिनिर्वाण स्थली के मंदिर में रखा गया था। पवित्र अवशेषों की पूजा-अर्चना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी। साथ ही अवशेषों के साथ आए श्रीलंका सरकार में मंत्री नवल राजपक्षे सहित 123 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल का आभार जताया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल से दोनों देशों के संबंधों में और गर्माहट आएगी। सांस्कृतिक व धार्मिक तौर पर रिश्ते और मजबूत होंगे। अब भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को वापस श्रीलंका भेजा गया है। इसके लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए। एसपी सिटी ने बताया कि पवित्र अवशेष आदर के साथ श्रीलंका वापस भिजवाए गए हैं।