संचालन समिति के सदस्य डॉ. नितीश शुक्ला ने बताया कि मुख्य महोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह 10 दिसंबर को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के सभागार में होगा। इसमें उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 22 नवंबर को एनसीसी दिवस पर सर्वोत्तम एनसीसी कैडेट चयन और पीटी प्रतियोगिता से होगा। इसमें 46 सब यूनिटों के 303 कैडेट और सात टीमों के 260 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा भाषण, बास्केटबॉल, वॉलीबाल, योगासन, चित्रकला, सामान्य ज्ञान, अंत्याक्षरी, सुलेख, श्रीमद्भगवद्गीता, श्रीरामचरितमानस और संगीत गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सात स्वर्ण पदक, छात्रवृत्ति और स्मृति पुरस्कारों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर निर्धारित की गई है। अन्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए 30 नवंबर तक आवेदन किया जा सकेगा।