उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के माफिया विनोद उपाध्याय और उसके गुर्गों की आपराधिक गतिविधियों से कमाई गई संपत्ति जब्त कर ली गई है। माना जा रहा है कि खोवा मंडी में अवैध कब्जे के एक अन्य मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त रुख के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
डीएम से आदेश मिलने के बाद पुलिस ने माफिया विनोद के गीडा थाना क्षेत्र में 70 लाख रुपये कीमत की जमीन पर कार्रवाई की है। शाहपुर और कोतवाली इलाके में भी माफिया और उसके गुर्गों की संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
दरअसल, खोवा मंडी में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोपी प्रभाकर द्विवेदी माफिया विनोद उपाध्याय का करीबी है। गुरुवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में जब खोवा मंडी में जमीन पर अवैध कब्जा की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई तो उन्होंने अफसरों से नाराजगी जताई और पीड़ित को तत्काल कब्जा दिलाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के सख्त रुख से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। खोवा मंडी में आनन-फानन पीड़ित को कब्जा दिलाने के बाद अब प्रशासन ने माफिया विनोद पर शिकंजा कस दिया है।