गोरखपुर शहर के गोरखनाथ रोड 10 नंबर बोरिंग स्थित मां अंबे दुकान से ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी करने के मामले में दुकान संचालक दिनेश दुबे पर गोरखनाथ थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा राप्तीनगर निवासी शिकायतकर्ता शलभ दुबे की तहरीर पर दर्ज किया गया है। दुकान को पहले ही सील किया जा चुका है।
ऑक्सीजन सिलिंडर के अधिक पैसे लेने की शिकायत पर 11 मई को सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर/एसडीएम सदर कुलदीप मीणा एवं तहसीलदार सदर डॉ. संजीव दीक्षित ने दुकान पर छापा मारा था। दुकान संचालक के पास ऑक्सीजन सिलिंडर की पहले डीलरशिप थी, लेकिन इस बार बेचने की अनुमति नहीं थी।
प्रशासन की टीम को दुकानदार कोई प्रपत्र नहीं दिखा सका। ऑक्सीजन सिलिंडर जब्त करते हुए दुकान को सील कर दिया गया था। पूछताछ में दुकानदार ने 25 से 40 हजार रुपये में सिलिंडर बेचने की बात स्वीकार की थी। रेगुलेटर भी 2500 से छह हजार रुपये तक बेचे जा रहे थे। कालाबाजारी पकड़े जाने के बाद शिकायतकर्ता सहित कई ऐसे लोगों का बयान प्रशासन ने दर्ज किया, जिन्होंने उस दुकान से सिलिंडर या रेगुलेटर खरीदे थे।