गोरखपुर जिले के बेलीपार इलाके के ककराखोर गांव के पास 31 दिसंबर को मिली युवती के शव की पहचान बिहार के भभुवा जिले के रुपपुर निवासी रामरत्न सिंह की बेटी सरिता (22) के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि प्रेमी मारुतिनंदन उर्फ पवन ने उसकी हत्या की थी। हत्या के बाद शव को छोड़कर आरोपी फरार हो गया था। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 31 दिसंबर को युवती का शव मिलने के बाद से ही पुलिस पहचान में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि गांव के ही मारुतिनंदन के साथ एक युवती देखी गई थी। मारुति भी घर से फरार है। संदेह होने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि युवती से उसका प्रेम संबंध था। घरवाले इस बात से नाराज थे। 30 दिसंबर को वह प्रेमिका को लेकर अपने रिश्तेदार की बाइक से घूमने गया था। ककराखोर के बाद दोनों में एक अन्य युवक से बात करने को लेकर बहस हो गई। इसी बात से नाराज होकर उसने चेहरे पर पंच मारा और फिर गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने पिता को बुलाकर युवती की शिनाख्त की।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या कर साक्ष्य छिपाने की धारा में केस दर्ज कर लिया। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।