- लंबी दूरी के लिए रात में यात्री व बसें हुईं कम, ठंड में बस स्टेशनों पर यात्री हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। कोहरे के कारण परिवहन निगम की ओर से लंबी दूरी के लिए चलने वाली बसों को यात्रियों की कमी व उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम किया गया है। साथ ही रात में चलने वाली बसों में केवल 25 यात्री होने पर भी बसों के संचालन का निर्देश दिया गया है।
परिवहन निगम से मिली जानकारी के अनुसार, कोहरे में बसों की बिजिबिलिटी कम होने से रास्ते में पड़ने वाले ढाबे, पुलिस चौकी व टोल प्लाजा पर रोकने का निर्देश दिया गया है। बताया जा रहा है कि लखनऊ, कानपुर, दिल्ली के लिए कुल 20 बसों का ही संचालन किया गया है। मंंगलवार को रेलवे बस स्टेशन पर बसों से यात्रा करने वाले यात्री ठंड में भारी भरकम सामानों के साथ बसों में चढ़ने के लिए परेशान रहे।
वहीं लंबी दूरी की बसें कोहरे के कारण लगभग तीन घंटे लेट पहुंचीं। इस कारण यात्री व यात्री को रिसीव करने वाले परिवार के लोगाें को भी ठंड में इंतजार करने में परेशानी हुई। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियाें के कम होने व उनकी सुरक्षा को लेकर बसों के ड्राइवरों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बसों की संख्या भी कम की गई है। साथ ही 25 यात्री होने पर भी रात की बसों के संचालन का आदेश दे दिया गया है।