विशेष प्री-लिटिगेशन लोक अदालत 22 जनवरी को
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के तत्वावधान में 22 जनवरी को विशेष प्री-लिटिगेशन लोक अदालत का आयोजन होगा। इसमें वैवाहिक विवादों का निपटारा सुलह-समझौता के आधार पर किया जाएगा।
प्राधिकरण के सचिव तहरीम खान ने बताया कि आयोजन के संबंध में जानकारी के लिए परिवार न्यायालय में प्री-लिटिगेशन हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। बुधवार को दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ता, वादीकारी व अन्य आम जनमानस को लोक अदालत के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी के लिए पैंफ्लेट भी बांटा गया। इसकी सफलता के लिए दो दिसंबर को प्रथम बैठक होगी। जिसमें घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, विदाई, विवाह-विच्छेद व अन्य छोटे-मोटे मामलों पर व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श होगा। सचिव ने बताया कि पति-पत्नी के मध्य विभिन्न कारणों से उत्पन्न हुए वैवाहिक विवाद माने जाते हैं। पति अथवा पत्नी प्रार्थना पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में उपस्थित होकर दे सकते हैं। प्रार्थना पत्र विवाद का संक्षिप्त विवरण प्रार्थी, प्रार्थिनी तथा विपक्षी का नाम, पता, फोन नंबर, फोटोग्राफ एवं पहचान पत्र के साथ प्रस्तुत करना होगा।