लॉकडाउन में हाइवे लुटेरों ने लूट का निकाला नया तरीका
गोरखपुर। लॉकडाउन में अगर आप गाड़ी से हाइवे पर कहीं जा रहे हैं और पीछे से कुछ लोग आपका नाम लेकर बुलाएं तो आप सतर्क हो जाइए। गाड़ी किसी भी कीमत पर न रोकिए नहीं तो आप लूट के शिकार हो सकते हैं।
पुलिस के अनुसार लुटेरों ने लॉकडाउन में लूट का नया तरीका निकाला है। हाइवे के लुटेरे एप के जरिए पीछा करने के दौरान गाड़ियों के नंबर के आधार पर वाहन स्वामी का नाम जान ले रहे हैं। नाम पुकार कर वह गाड़ी रुकवाते हैं और तमंचा सटाकर लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश के कुछ जिलों में ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद अब गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज समेत जोन के तमाम जिलों की पुलिस लोगों को जागरूक करने में जुट गई है। पुलिस सोशल मीडिया फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट डालकर लोगों को जागरूक कर रही है। ताकि समय रहते लोगों को इस तरह की वारदात से बचाया जा सके।
युवक ने पीया कीटनाशक
खोराबार। इलाके के मदरहवा निवासी विकास 18 ने रविवार को कीटनाशक पी ली। उसे पीएचसी खोराबार लाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विकास के पिता राजन राजमिस्त्री का काम करते हैं। परिजन कीटनाशक पीने का कारण नहीं बता पाए।
बाइक में लगी आग, मची भगदड़
सहजनवां। कस्बे में बच्चे के साथ सामान लेने आए पिपरा निवासी अशोक गुप्ता की खड़ी बाइक में रविवार को आग लगने से भगदड़ मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
चोरी की बाइक बरामद, तीन गिरफ्तार
कैंपियरगंज। पुलिस ने रविवार को मरचाहे कुटी तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की एक बाइक बरामद की। बाइक 29 जुलाई को तहसील के पास से चोरी हुई थी। पकड़े गए युवकों की पहचान चौमुखा बाजार निवासी धीरज मोदनवाल, इरशाद अली व भागलपुर निवासी प्रिंस मौर्या के रूप में हुई।
पोखरे में डूबने से युवती की मौत
कैंपियरगंज। इलाके के मिरिहिरिया निवासी प्रीती गुप्ता 18 की रविवार को पोखरे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह शनिवार की शाम पोखरे की तरफ किसी काम से गई थी। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और पोखरे में चली गई। रविवार को ग्रामीणों ने उसका शव जाल डालकर निकाला।
बाढ़ के पानी में नहाते वक्त डूबने से युवक की मौत
पाली। सहजनवां के कोदरी निवासी अरशद 22 की रविवार को बाढ़ के पानी में नहाते वक्त डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार युवक गांव के पास बखिरा झील के पानी में पुलिया से कूदकर नहा रहा था। इस दौरान वह डूब गया। पास में ही भैंस चरा रहे लोगों ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस की मदद से ग्रामीणों ने शव को निकाला।
सपा नेताओं ने दिनेश के पिता को बंधाया ढांढस
चौरीचौरा। इलाके के सरदारनगर ब्लॉक प्रमुख शशिकला के भाई आमकोल निवासी दिनेश यादव की हत्या के बाद रविवार को कई सपा नेता उनके घर पहुंच और पिता को ढांढस बंधाया। कहा कि इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। निष्पक्ष जांच कर आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। इस दौरान मुन्नीलाल यादव, नौशाद अहमद, गौतम यादव, अंगद सहित कई लोग शामिल रहे।