राम मंदिर शिलान्यास : सीओ कैंपियरगंज समेत 47 पुलिसकर्मियों की अयोध्या में लगी ड्यूटी
गोरखपुर। अयोध्या में पांच अगस्त को राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए कैंपियरगंज सीओ समेत जिले के 47 पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगी है। सीओ समेत सभी पुलिसकर्मी शनिवार रात अयोध्या के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या में शिलान्यास कार्यक्रम व पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए फोर्स की तैनाती की गई है। गोरखपुर जोन के 11 जिलों सहित अन्य जोन से भी पुलिसकर्मियों की मांग की गई थी। गोरखपुर जोन से करीब पांच सौ पुलिसकर्मी व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। गोरखपुर जिले से एक सीओ, एक इंसपेक्टर, पांच सब इंस्पेक्टर व 40 सिपाहियों की ड्यूटी लगी है। आरआई लाइन उमेश दूबे ने बताया कि सीओ कैंपियरगंज दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर कन्हैया यादव व पांच सब इंस्पेक्टर तथा चालीस पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगी है। सभी शनिवार की रात ही गाड़ियों से रवाना हो गए हैं। सभी रविवार को अयोध्या पुलिस लाइंस में पहुंच गए। वहां अलग-अलग स्थानों पर उनकी ड्यूटी लगी है।