पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर क्षेत्र के श्रीराम चौराहा स्थित डब्बा फैक्टरी के सामने खड़ी ऑटोमेटिक कंक्रीट मिक्सर मशीन का मीटर खोलने पहुंचे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान युवक ने दावा किया कि वह मिक्सर मशीन बनाने वाली कंपनी के एक इंजीनियर के कहने पर मीटर निकालने आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, धनुष साहनी के घर के सामने उनके रिश्तेदार तुरा बाजार निवासी इंद्रजीत साहनी की दो ऑटोमेटिक कंक्रीट मिक्सर मशीनें खड़ी रहती हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे बिहार के सिवान जिले का रहने वाला श्रीकांत वहां पहुंचा और मशीन से मीटर खोलने लगा। इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर पास के एक व्यक्ति को संदेह हुआ। पूछताछ करने पर युवक ने खुद को मशीन का चालक बताते हुए कहा कि वाहन नेपाल जाने वाला है। उसकी बातों पर शक होने पर स्थानीय व्यक्ति ने तत्काल मशीन मालिक को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही इंद्रजीत साहनी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी ने ही डायल-112 पर फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उसे घेर लिया है। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। इस बीच मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पूछताछ शुरू की। आरोप है कि पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल से मिली एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में सामने आया कि ऑटोमेटिक कंक्रीट मिक्सर मशीन बनाने वाली कंपनी के एक इंजीनियर ने उसे मीटर लाने के लिए कहा था। इसके बदले 15 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, चोरी किए जाने वाला मीटर दो लाख रुपये से अधिक कीमत का है। शुक्रवार सुबह पीड़ित पक्ष ने कंपनी के सुपरवाइजर को भी मौके पर बुलाया। पूछताछ के बाद आरोपी युवक और सुपरवाइजर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। शाहपुर पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही कंपनी के इंजीनियर और सुपरवाइजर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कोट
जिस व्यक्ति पर मिक्सर मशीन का मीटर चोरी कराने का आरोप लगाया जा रहा है, वह पहले मशीन मालिक का ड्राइवर रह चुका है। दोनों के बीच रुपये के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद था। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
- रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ