- शहर के नार्मल उपकेंद्र के बाहर फाल्ट ठीक करने के बाद हुआ हादसा
गोरखपुर। शहर के नार्मल उपकेंद्र के बाहर रविवार दोपहर बाद निविदा लाइनमैन सोनू खान (52) करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
नार्मल उपकेंद्र के अवर अभियंता सुधीर यादव के अनुसार, रविवार दोपहर फाल्ट की सूचना मिलने पर उपकेंद्र के बाहर स्थापित ट्रांसफाॅर्मर का शटडाउन लिया गया था। इसके बाद निविदा लाइनमैन सोनू खान ने कर्मचारियों के साथ मिलकर फाल्ट ठीक किया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शटडाउन वापस लेकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
बताया गया कि बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद सभी कर्मचारी उपकेंद्र के बाहर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सोनू हाथ धोने की बात कहते हुए ट्रांसफाॅर्मर के पीछे की तरफ चला गया। कुछ देर बाद अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही कर्मचारी मौके की ओर दौड़े तो देखा कि लाइनमैन करंट की चपेट में आने से झुलसकर नीचे गिरा था।
कर्मचारियों ने बिना देर किए घायल लाइनमैन को कार से निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसका इलाज चल रहा है और स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।