गोरखपुर शहर के रामगढ़ताल किनारे आरकेबीके और नया सवेरा से लेकर देवरिया बाईपास रोड के बीच में लगी लाइटें चोरी होने के साथ अराजकतत्व कई सरकारी संपत्ति नष्ट कर दे रहे हैं। यह सिलसिला तीन साल से बदस्तूर जारी है, मगर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
कार्यदायी संस्था की शिकायत पर अब डीएम विजय किरन आनंद ने इसे गंभीरता से लेते हुए खुद एसएसपी को पत्र लिखकर मामले में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही संबंधित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने को कहा है।
जलनिगम के मुताबिक, इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के लिए कार्यदायी संस्था जलनिगम के अभियंताओं द्वारा 10 अप्रैल 2018, 31 अक्तूबर 2019, 13 अप्रैल 2020, 12 नवंबर 2020, 10 मार्च 2021 और 28 अगस्त 2021 को पत्र लिखकर संबंधित थानों से अनुरोध किया गया मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कोई सुनवाई न होने पर विभाग ने डीएम को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसपर डीएम ने अब एसएसपी को पत्र लिखकर चोरी का मुकदमा दर्ज करने और संबंधित क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने को कहा है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि सुंदरीकरण के लाइट या अन्य सामान चोरी होने की घटना अगर हुई तो केस दर्ज किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित थाने को निर्देशित किया जाएगा।