कोरोना वायरस महामारी के मद्देजनर जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने पॉलिसीधारकों को अपनी ऐसी पॉलिसी को फिर चालू करने का मौका दिया है जो किसी वजह से बीच में ही बंद हो गई थी। एलआईसी ने ऐसी पॉलिसियों को फिर चालू करने का अभियान शुरू किया है। सात जनवरी से इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है। छह मार्च तक इस विशेष अभियान का लाभ उठाया जा सकता है। खास बात यह भी है कि इस दौरान बकाया एकमुश्त जमा करने पर ब्याज में 30% या फिर अधिकतम 3000 रुपये की छूट मिल सकती है।
एलआईसी ने अपनी 2048 शाखाओं के अलावा 1,526 सैटेलाइट कार्यालयों को ऐसी पॉलिसियों को फिर चालू करने के लिए अधिकृत किया है जिनमें विशेष चिकित्सा परीक्षण कराने की जरूरत नहीं है।
स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर रियायत
एलआईसी ने बयान में कहा कि, 'विशेष पुनरोद्धार अभियान के तहत कुछ नियम और शर्तों के साथ विशेष पात्र योजनाओं को प्रीमियम का भुगतान नहीं किए जाने की तारीख से पांच साल के भीतर फिर चालू करने की अनुमति दी जाएगी।' पात्रता के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर भी कुछ रियायत दी जाएगी।