फर्जी खतौनी और कागजात लगाकर दूसरे की भूमि बेचने का आरोप
सहजनवां। थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे दूसरे की जमीन बेचने का मामला सामने आया है। जालसाजों ने फर्जी खतौनी में अन्य लोगों के नाम जोड़कर जमीन को 20.50 लाख रुपये में बेच दिया। कब्जा लेने पहुंचे खरीदार को फर्जीवाड़ा का पता चला। इसके बाद पीड़ित ने पांच आरोपियों के खिलाफ सहजनवां थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बेलहर निवासी गाेपाल साहनी की बेटी आरती साहनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो जमीन कारोबारियों ने उनके पिता से संपर्क कर टिकरिया स्थित भूमि बेचने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद आरोपियों ने फर्जी खतौनी तैयार कर उसमें तीन अन्य लोगों के नाम भी शामिल कर दिए।
सौदा तय होने के बाद 20.50 लाख रुपये का भुगतान ऑनलाइन और नकद माध्यम से किया गया। अप्रैल 2024 में रजिस्ट्री भी कराई गई लेकिन जब खरीदार पक्ष भूमि पर कब्जा लेने पहुंचा तो एक अन्य व्यक्ति ने करीब 30 वर्ष पुराने दस्तावेज दिखाकर स्वामित्व का दावा किया।
इसके बाद तहसील में अभिलेखों की जांच कराई गई, जिसमें पूरे फर्जीवाड़े का पता चला। आरोप है कि मामला सामने आने के बाद आरोपियों ने कुछ धनराशि लौटाई, लेकिन शेष रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि अभिमन्यु यादव, दुर्गेश निषाद, गणेश, महेश और तारा देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।