500 लोगों को बेची गई जमीन, 200 चिह्नित
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर द्वारा की गई जांच में पाया गया कि पवन प्रापर्टी डीलर व कॉलोनाइजर के संचालक रामलाल पासवान उनकी पत्नी इमरती देवी, भाई रमाशंकर व जगदीश यादव पत्नी आशा देवी द्वारा कूट रचित दस्तावेज तैयार कराकर करीब 25 एकड़ जमीन, लगभग 500 लोगों को बेच दी गई है। इनमें से 200 को चिह्नित भी कर लिया गया है। बाकी के अभिलेखों की जांच कराई जा रही है। सदर तहसीलदार बृजमोहन शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने गत सोमवार को महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर 3 में मुनादी कराई। लोगों से कहा कि संबंधित लोग अपनी जमीनों के दस्तावेज लाकर जांच करा लें कि उनकी जमीन सीलिंग की तो नहीं है न।
डीएम विजय किरन आनंद ने बताया कि सीलिंग की जमीन कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्ती की जा रही है। कुछ पर एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। सीलिंग की जमीन की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। जमीन से जुड़ी जरूरी जानकारी रजिस्ट्री कार्यालय को भी मुहैया कराई गई है। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। जिन लोगों ने जमीन खरीदा है, उन्हें भी यह जानकारी नहीं थी कि जमीन सीलिंग की है। इनमें कई पूर्व सैनिक भी है । जमीन खरीदने वालों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी।