गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर बेरोजगारों को ठगने के आरोप में एक युवक पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई क्षेत्र के तरकुलहां निवासी महफूजुर रहमान की तहरीर पर महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के तरकुलवां निवासी अजीम के खिलाफ की है।
तरकुलहां निवासी महफूजुर रहमान भटहट कस्बे में भारत कंप्यूटर के नाम से दुकान चलाता है। वह ऑनलाइन टिकट भी बनाता है। अजीम ने बिहार के मिलन साह, सुभाष दूबे एवं अजीत राम समेत कई बेरोजगारों से ऑनलाइन रुपये भारत कंप्यूटर के खाते में दुबई जाने के लिए हवाई जहाज के टिकट के नाम पर मंगवा लिए।
इसके बाद उसने संचालक महफूजूर रहमान से यह कहते हुए रुपये ले लिए कि सभी लोगों का विदेश जाने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। संचालक ने अजीम को सभी रुपये वापस कर दिए। इसके बाद आरोपी ने जिन लोगों से रुपये लिए थे, उन्हें हवाई जहाज का फर्जी टिकट दे दिया।
विदेश जाने के लिए जब सभी दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे तो, वहां उन्हें फर्जी टिकट बताकर वापस कर दिया गया। परेशान होकर बेरोजगार भटहट स्थित भारत कंप्यूटर पर पहुंचे। उसने मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुलरिहा थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।