त्योहारों के बाद सहालग ने बाजार की चमक बरकरार रखी है। दिवाली और छठ के बाद अब शादियों के लिए खरीदारी हो रही है। अगले एक माह में सहालग से बाजार गुलजार रहेगा। गोरखपुर में करीब छह हजार शादियां होनी हैं। व्यापारियों को इससे करीब 1500 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
काफी हद तक खरीदारी हो भी चुकी है। कपड़े की दुकान पर कोई दूल्हे के लिए सूट, शेरवानी खरीदने में व्यस्त है तो कोई ज्वेलरी की दुकान पर दुल्हन के लिए हार और कंगन पसंद कर रहा है। शनिवार को सराफा बाजार से लेकर कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। रेतीरोड, घंटाघर, अलीनगर, असुरन, आजाद चौक, गोरखनाथ की दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है।