बांसगांव के बघैला गांव में जमीन विवाद की सूचना पर शनिवार रात में पहुंची पुलिस टीम पर हमला हो गया। एक परिवार की महिला और पुरुषों ने पुलिस पर ईंट फेंकना शुरू कर दिया। हमले में तीन पुलिस वालों को हल्की चोटें आईं।
किसी तरह भागकर उन्होंने जान बचाई।
बताया जा रहा है कि इसमें एक दरोगा की वर्दी फट गई। हमले की सूचना पर पुलिस फोर्स गांव में पहुंच गई। आरोपी परिवार की एक महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बांसगांव थाना क्षेत्र के हरनही चौकी क्षेत्र के बघैला गांव निवासी दिल्ली में ठेका करने वाले संजय यादव का गांव में रहने वाले पटीदार रामकरन यादव से रास्ते का विवाद है। बताया जा रहा है कि संजय यादव ने रामकरन के घर जाने वाले रास्ते पर ही निर्माण काम कराना शुरू कर दिया।
इसकी जानकारी होने पर रामकरन ने पुलिस को बताया। सूचना पर हरनही चौकी पर तैनात दरोगा हिमांशु एक साथी सिपाही के साथ गांव में पहुंचे और दोनों पक्ष को चौकी पर आने को कहा। इसी बात से नाराज संजय के परिजनों ने दौड़ा लिया।
दरोगा और सिपाही जान बचाकर भागे। इसकी सूचना पर चौकी इंचार्ज राकेश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने घर के अंदर से ईंट से हमला कर दिया। पुलिस पीछे हटकर बची, लेकिन चौकी इंचार्ज के हाथ में ईंटनुमा मिट्टी का ढ़ेला लग गया। इस दौरान उनकी वर्दी भी फट गई।