नौतनवां थाना क्षेत्र के एक गांव में प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका के साथ प्रबंधक पुत्र व एक शिक्षक द्वारा किए गए दुष्कर्म के प्रयास से आहत शिक्षिका के आत्महत्या के मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब पुलिस ने मामले में शिक्षिका की मां की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
शिक्षिका की मौत के बाद उसके पिता ने स्कूल प्रबंधक के पुत्र व एक शिक्षक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था, लेकिन जांच के बहाने तब पुलिस ने घंटों बाद मुकदमा दर्ज नहीं किया। देर शाम मृतका की मां से दूसरी तहरीर लेकर आनन फानन में मुकदमा दर्ज कर मामले में नया मोड़ ला दिया।
जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। चर्चा है कि किसी प्रभावशाली के रसूख में आकर पुलिस दुष्कर्म की कोशिश करने वालों को बचाने में जुटी हैं। हालांकि पुलिस मामले में कठोर कार्रवाई की बात जरूर कह रही है, लेकिन शिक्षिका की मौत 24 घंटे बाद भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मृत शिक्षिका के पिता ने नौतनवां पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि नौतनवां क्षेत्र के एक गांव में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाली उसकी बेटी के साथ बीते बृहस्पतिवार को स्कूल प्रबंधक के पुत्र व उसी स्कूल के अध्यापक ने जोर जबरदस्ती करते हुए आबरु लूटने का प्रयास किया।