कुशीनगर जिले में भारतीय जनता पार्टी की सावित्री देवी दूसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं। 61 सदस्यीय जिला पंचायत में उन्हें 46 और सपा की रीता यादव को 15 वोट मिले। जीत से उत्साहित भाजपाइयों ने अबीर-गुलाल उड़ा कर जश्न मनाया। वहीं, सपा खेमे में मायूसी का आलम दिखा।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां तक केवल उम्मीदवार व सदस्यों के अलावा निर्वाचन ड्यूटी में लगे अफसरों को ही जाने की अनुमति दी गई थी। रविंद्रनगर पुलिस चौकी से लेकर कलेक्ट्रेट के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बनाया गया था।
सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर एक बजे से ही पहले ही सभी 61 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। दोपहर बाद तीन बजे से मतगणना शुरू हुई। कुछ ही देर बाद परिणाम घोषित कर दिया गया। डीएम एस राजलिंगम ने विजेता सावित्री देवी को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
प्रशासन की मुस्तैदी को सभी ने सराहा
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने बहुत ही चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। कलेक्ट्रेट के 200 मीटर की परिधि के अंदर किसी भी अतिरिक्त व्यक्ति को आने की इजाजत नहीं मिली। सख्ती का असर यह रहा कि न तो सत्ता पक्ष ने सुरक्षा घेरा लांघने का प्रयास किया और न ही विपक्ष ने। डीएम एस राजलिंगम, एडीएम विंध्यवासिनी राय, एसपी सचिंद्र पटेल व एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए थे।