खड्डा। छितौनी कस्बे में ड्यूटी के दौरान शनिवार की रात पीआरडी जवान रमाकांत तिवारी की हत्या हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर नौ जगहों पर गहरे जख्म मिले हैं। जानकारों का कहना है कि लोहे की रॉड से वार की बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खारिज हो रही है। जख्म देखने से यह प्रतीत हो रहा है कि धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किया गया है।
बताया जाता है कि शनिवार की आधी रात छितौनी कस्बा निवासी विपिन वर्मा सड़क पर टहल रहा था। ड्यूटी पर तैनात रहे पीआरडी जवान रमाकांत तिवारी ने टोक दिया। युवक ने उस वक्त तो कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन थोड़ी देर बाद उसने पीआरडी जवान पर प्रहार कर दिया। उस वक्त पुलिस ने लोहे की रॉड से वार और आरोपी युवक को मानसिक रोगी बताया था। लेकिन, परिजनों का कहना रहा कि आरोपी शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत है और वह दुकान पर काम करता है।
कोई दुकानदार किसी मानसिक रोगी से काम कैसे ले सकता है। वहीं, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा हो गया है कि मृतक के शरीर पर नौ गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जो इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि ये जख्म लोहे की रॉड के हैं ही नहीं, बल्कि किसी धारदार हथियार के हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजन भी हैरत में हैं।