गोरखपुर : कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर थाना क्षेत्र में 17 तक रहेगा लॉकडाउन
गोरखपुर। शासन ने भले ही 13 जुलाई की सुबह तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है, लेकिन शहर के तीन थाना क्षेत्रों कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर में 17 जुलाई तक पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। यह फैसला स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन ने लिया है।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि इन तीनों थाना क्षेत्रों में सबसे ज्यादा संक्रमित पाए जा रहे हैं। वर्तमान में 40 से अधिक हॉट स्पॉट हो गए हैं। ऐसे में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत मजबूरन इन क्षेत्रों में सात दिन तक के लिए लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। शहर के बाकी इलाकों में जहां तीन दिन बाद लॉकडाउन खत्म हो जाएगा।
डीएम ने बताया कि इस दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। सब्जी के ठेले, संबंधित थाना क्षेत्रों के मोहल्लों में जाएंगे। दूध की आपूर्ति होगी। दवा की दुकानें खुली रहेंगी। अन्य जरूरी सामान होम डिलीवरी पोर्टल के जरिए मंगाए जा सकेंगे। इन क्षेत्रों में 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाएगी। डीएम का कहना है कि किसी ने भी निर्देशों की अनदेखी कर बाहर निकलने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम का कहना है कि कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद भी इन इलाकों के लोग मान नहीं रहे थे। जगह-जगह सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी की जा रही थी। हॉटस्पॉट वाले इलाकों में भी लोग दुकानें खोल ले रहे थे। खुद उनके निरीक्षण में ये सभी खामियां मिलीं।
नमूनों की संख्या बढ़ाई जाएगी, होगा सैनिटाइजेशन
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि 17 जुलाई तक जब तक इन इलाकों में लॉकडाउन रहेगा, नमूने लेने की संख्या बढ़ाई जाएगी। ज्यादा से ज्यादा लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। पूरे इलाके का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की सबसे ज्यादा जांच कराई जाएगी।
...तो आधे शहर पर रहेगा पहरा
कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर जैसे तीन बड़े थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन का मतलब है कि आधे शहर पर पहरा रहेगा। गोलघर से विजय चौराहा, बैंक रोड, बक्शीपुर होते हुए उस तरफ के जितने भी इलाके हैं, सभी जगहों पर 17 जुलाई तक लॉकडाउन रहेगा। यह सभी इलाके इन तीन थाना क्षेत्रों में आते हैं।