गोरखपुर। बुधवार की रात शहर के चार बिजली उपकेंद्रों से जुड़े 25 हजार लोगों ने जागकर गुजारी। सुबह में रुस्तमपुर उपकेंद्र में तकनीकी काम होने पर बिजली कटौती हुई। शाम चार बजे आपूर्ति दी ही गई थी कि रात आठ बजे राप्ती पुल के पास टावर पर जंपर कट जाने की वजह से रानीबाग और रुस्तमपुर उपकेंद्र वाले इलाकों में बिजली संकट हो गया। रात में ही साढ़े 11 बजे लालडिग्गी और नार्मल उपकेंद्र को भी बंद कर दिया गया। बिजली आपूर्ति की जानकारी के लिए ग्राहकों ने फोन भी किए लेकिन अधिकारियों से संपर्क नहीं होने पर उन्हें परेशानी हुई।
दरअसल, टावर नदी के किनारे लगे हैं। ऐसे में लाइनमैन इनपर चढ़कर काम नहीं कर पाते। मोतीराम अड्डा ट्रांसमिशन से संपर्क कर उनके लाइनमैनों की मदद ली गई। सुबह 3:30 बजे के करीब मरम्मत का काम पूरा हुआ। इसके आधे घंटे बाद चार बजे आपूर्ति सामान्य की गई। अधिशासी अभियंता नवनीत प्रजापति ने बताया कि जंपर कटने की वजह से दिक्कत आई थी।
एसडीओ का नहीं उठा फोन
बेतियाहाता के प्रखर ने बताया कि रात आठ बजे से ही बिजली गुल थी। 10 बजे फोन किया लेकिन एसडीओ स्तर तक किसी ने भी फोन नहीं उठाया। अंत में छत पर जागकर बिजली आने का इंतजार करते रहे।
हेल्पलाइन पर पाएं जानकारी
कोविड कंट्रोल रूम में बिजली की समस्याओं के लिए हेल्प लाइन नंबर दिया गया है। बिजली संबंधी कोई भी समस्या हो तो उपभोक्ता 9450963851 नंबर पर फोनकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आज इन इलाकों में गुल रहेगी बिजली
गोरखपुर। खोराबार उपकेंद्र से निकलने वाला रामगढ़ फीडर शुक्रवार सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगा। अधिशासी अभियंता विद्युत माध्यमिक खंड एमके गौड़ ने बताया कि फीडर से जुड़े इलाकों में पांच घंटे तक बिजली गुल रहेगी।