सर्वे में सेक्टर एक में अधिग्रहित जमीन पर 77 मकान , सेक्टर दो में अधिग्रहित भूमि पर 52 मकान, सेक्टर तीन में 78 और सेक्टर चार में 66 मकान सहित तीन सौ मकान शामिल हैं। इसके अलावा 40 से अधिक मकान योजना की जमीन से बाहर पाए गए हैं। सर्वे में चहारदीवारी, खुले स्थान, टीनशेड सहित अन्य का विवरण तैयार किया गया है। इसके आधार पर स्थानों को सुरक्षित करते हुए काम शुरू कराया जाएगा।
उधर, आबादी के बीच बची हुई जमीनों को जीडीए बेचकर आय करेगा। मकानों के बीच खाली जमीनों में आगे चलकर मकान और पार्क बनाया जाएगा। पूरे क्षेत्र में पार्क, सड़क, नाली और सीवरेज सिस्टम का विकास होगा। अच्छी सड़कें बनेंगी। सजावटी लाइट लगेगी। ड्रेनेज इत्यादि की व्यवस्था दुरुस्त होगी।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में वारदात: यू-ट्यूबर से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस की गोली से एक आरोपी घायल
स्थानीय लोगों के लिए ऐसी योजना तैयार की जाएगी, जिससे लोग अच्छी कॉलोनी में रहने का सुखद अहसास पा सकें। हालांकि जीडीए के अधिकारी आगे की योजना के बारे में बता नहीं रहे हैं। लेकिन स्थानीय लोग यह मान रहे हैं कि उनका मोहल्ला भी बाकी शहरियों की तरह से सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस हो जाएगा।
बुधवार को अधिकारियों से मिलकर लोग शाम को घर लौटे तो खोराबार, सूबा बाजार, जंगल सिकरी और सैनिक नगर कॉलोनियों में एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। यह सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। स्थानीय लोगों ने सीएम योगी आदित्यनाथ, सांसद रवि किशन और विधायक विपिन सिंह के अलावा जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, सचिव उदय प्रताप सिंह और प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सहित अन्य का आभार जताते हुए मोहल्लों में मिठाई बांटकर खुशी जताई।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर एयरपोर्ट पर रेस्टोरेंट संचालक के बैग से मिला कारतूस, मचा हड़कंप
लोगों ने कहा कि सीएम योगी आमजन का दुखदर्द समझते हैं। अधिकारियों से हमेशा मदद की अपेक्षा रहेगी। इस दौरान विजय नारायण मिश्रा, जय प्रकाश मिश्रा, विमलेश, चंद्रभूषण, अनिल शर्मा, जन्मेजय, दयाराम, राजमंगल राय, म़ृत्युंजय, विकास पांडेय, कमलेश, वशिष्ठ मुनि आदि मौजूद रहे। मोहल्ले के लोगों ने जीडीए की ओर से जारी सर्वे रिपोर्ट को पढ़कर लोगों ने हस्ताक्षर बनाए। उधर सेक्टर तीन के लोग बृहस्पतिवार को राकेश वर्मा के साथ जीडीए में पहुंचे। लोगों ने गाटा संख्या, रकबा और नक्शे में भिन्नता की बात कही। इस दौरान सेक्टर तीन के लोगों की मुलाकात सहायक अभियंता एके तायल से नहीं हो सकी। इसलिए लोग लौट गए।
जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सर्वे रिपोर्ट पर सभी ने सहमति जताई है। जल्द ही चहारदीवारी बनाने का काम शुरू होगा। सुनियोजित विकास के लिए विधिवत कार्ययोजना बनेगी। इसको लेकर तैयारी चल रही है।