जूट बैग में ही चढ़ा सकेंगे प्रसाद और खिचड़ी
नगर आयुक्त ने खिचड़ी मेला की तैयारियों की समीक्षा बैठक की
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। नगर निगम में बृहस्पतिवार को खिचड़ी मेला की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मेला परिसर में दो आकर्षक स्वागत गेट स्थापित किए जाएंगे। श्रद्धालु जूट बैग में ही प्रसाद और खिचड़ी चढ़ा सकेंगे।
इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में पर्याप्त पथ-प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मेला परिसर के भीतर और बाहर नगर निगम की ब्रांडिंग के साथ कटआउट और संदेश बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि लोगों में स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर जागरूकता बढ़ सके।
बैठक में मेले की आवश्यक व्यवस्थाओं पेयजल, शौचालय, पार्किंग, रैनबसेरा और सफाई की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं ताकि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मेले को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष पहल की है। प्रसाद और खिचड़ी केवल जूट बैग में ही चढ़ाए जा सकेंगे, जिसके लिए निगम की ओर से निशुल्क जूट बैग उपलब्ध कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर जूते-चप्पल स्टैंड भी लगाए जाएंगे, जहां निशुल्क सेवा दी जाएगी। ठंड के मौसम को देखते हुए मेला परिसर में अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अतुल कुमार और प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, महाप्रबंधक जलकल रघुवेंद्र कुमार, स्वास्थ्य अधिकारी, लेखाधिकारी, जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।