दिल्ली के सीएम केजरीवाल व यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला।
सरकारी स्कूलों के मुद्दे पर दिल्ली और यूपी की सरकारों के बीच छिड़ा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। अब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्वीट कर दिल्ली आकर स्कूल देखने की चुनौती दी है। कहा है कि भले ही यूपी में सरकारी स्कूलों को देखने और फोटो खींचने पर रोक लगाई गई है, लेकिन दिल्ली में ऐसा नहीं है। आप जिस स्कूल को चाहें देख सकते हैं। इसके साथ ही केजरीवाल ने अमर उजाला की उस खबर को ट्वीट किया है, जिसमें आप विधायक ने यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी को चुनौती दी थी।
आप विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी ने 25 दिसंबर को पत्रकार वार्ता करने के बाद सिद्धार्थनगर शहर के प्राथमिक स्कूल बेलसड़ का निरीक्षण किया था। इसके बाद विधायक ने कहा था कि यूपी के मंत्रियों ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री आप मनीष सिसौदिया को चुनौती दी थी, जिसे स्वीकार कर वह लखनऊ पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सरकारी स्कूल का निरीक्षण नहीं करने दिया।
उन्होंने प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री और सिद्धार्थनगर से विधायक सतीश द्विवेदी को चुनौती भी दी थी। इस बीच, जिले के बीएसए राजेंद्र सिंह की ओर से किसी अनधिकृत व्यक्ति द्वारा सरकारी स्कूलों के निरीक्षण और फोटो खींचने पर रोक लगाने की खबरें चर्चा में आ गईं।
इस मुद्दे पर दिल्ली के सीएम ने यूपी सरकार पर हमला बोला है। कहा है कि दिल्ली में इस तरह की रोक नहीं लगाई गई है। यहां कोई भी स्कूलों को देख सकता है। साथ ही केजरीवाल ने अमर उजाला की खबर को ट्वीट किया है।