- राइफल जब्त, लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू
- सभी आरोपी संतकबीरनगर के महुली क्षेत्र के निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरपुर-बुदहट। थाना क्षेत्र कटसहरा बाजार में गैस-कूकर मैकेनिक पर हुए हमले में तीनों आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया। तीनों की पहचान आनंद सहाय, शत्रुघ्न सिंह और राकेश को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के हैं। तीनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ग्राम पंचायत गोरेडीह निवासी बजरंगी मद्देशिया की गैस-कूकर मरम्मत की दुकान कटसहरा बाजार में है। रविवार शाम करीब सात बजे कार से पहुंचे तीन हमलावरों ने दुकान के बाहर बुलाकर उन पर अचानक राइफल से फायर झोंक दिया। गोली उनकी बाईं हथेली फाड़ते हुए निकल गई, जिससे दो उंगलियां कटकर अलग हो गईं। पुलिस ने उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बेटे अश्वनी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र की टीम ने देवरिया चौराहे के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में हरपुर बुदहट थानाप्रभारी विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल शत्रुघन की राइफल बरामद कर ली गई है। उसके लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।