मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जिले के बांसी क्षेत्र के मदुवापुर गांव में कॉमन फैसिलिटी सेंटर का शिलान्यास किए जाने के बाद सरकार ने पहली किस्त के रूप में 1.33 करोड़ रुपये अवमुक्त भी कर दिए हैं। कालानमक के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने सिद्धार्थनगर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) के निर्माण की घोषणा की थी। 6.96 करोड़ रुपये की इस सीएफसी के निर्माण से आसपास के जिलों के लाखों किसानों को फायदा होगा।
किसानों को प्रोत्साहित करने को बनी लिमिटेड कंपनी
कालानमक चावल की महक और मिठास ऐसी रही कि यह लोगों के लिए यह खास हो गया। बावजूद इसके किसानों को सीधे तौर पर इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। किसानों की सहूलियत दिलाने के लिए शिवांश सिद्धार्थनगर एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोडक्शन लिमिटेड कंपनी नामित की गई।
जिले के तहसील और ब्लॉक मुख्यालय पर केंद्र खोला जाएगा। इन केंद्रों पर किसान अपना धान बेचने के साथ-साथ उन्नतशील बीज भी खरीद सकेंगे। इस फर्म में धान की कुटाई से लेकर चावल की पैकिंग कर बीज तैयार करने का अत्याधुनिक सिस्टम रहेगा। इसके साथ ही बीज की बिक्री करेंगे। बताया जाता है कि यह फर्म सिंगापुर में कालानमक चावल भेज चुकी है।