कर्नाटक और पूर्वोत्तर रेलवे की टीम के खिलाड़ी एक दूसरे की टीम पर प्वाइंट बनाने का प्रयास करते।
गोरखपुर। रीजनल स्टेडियम में आयोजित ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के अंतर्गत बुधवार को क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें में उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर रेलवे की टीम सेमीफाइनल मैच जीतकर फाइनल में पहुंचीं। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।
बुधवार को पहला क्वार्टर फाइनल मैच उत्तर प्रदेश बनाम जेडी एकेडमी के मध्य खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश ने जेडी एकेडमी को 40-32 अंकों के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरा क्वार्टर मैच आंध्र प्रदेश बनाम इंडियन आर्मी के मध्य खेला गया। इसमें आंध्र प्रदेश ने इंडियन आर्मी को 30-26 अंकों के अंतर से पराजित कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच हरियाणा बनाम मध्य प्रदेश के के बीच खेला गया। इसमें हरियाणा ने मध्य प्रदेश को 35-11 अंकों के अंतर से पराजित कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया। चौथा क्वार्टर फाइनल मैच पूर्वोत्तर रेलवे बनाम कर्नाटक के मध्य खेला गया। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे ने कर्नाटक को 43-28 अंकों के अंतर से पराजित कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच उत्तर प्रदेश बनाम आंध्र प्रदेश के मध्य खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 36-11 अंकों के अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मैच पूर्वोत्तर रेलवे बनाम हरियाणा के मध्य खेला गया इसमें पूर्वोत्तर रेलवे ने हरियाणा को 47-38 अंकों के अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह और जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरुणेश शाही खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त को मैच का उद्घाटन कराया। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, राजेश सिंह, आजाद सिंह, विजय लक्ष्मी सिंह, विवेक श्रीवास्तव, मोहित सिंह, संदीप कुमार यादव आदि मौजूद रहे।