गोरखपुर जिले में क्षेत्रीय सेवा योजना कार्यालय की ओर से ऑनलाइन रोजगार मेला का आयोजन बुधवार यानी आज किया जाएगा। रोजगार मेले में आठ कंपनियां युवाओं को टेलीकॉलर, ब्लॉक अफसर, एचआर एक्जीक्यूटिव, बिजनेस स्पोर्ट एग्जीक्यूटिव समेत विभिन्न 605 पदों पर नौकरी का अवसर मुहैया कराएंगी। खास बात है कि रोजगार मेले का आयोजन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थी का साक्षात्कार फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से लिया जाएगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन रास बिहारी चतुर्वेदी ने बताया कि रोजगार में कंपनी लाइफ प्योर, टेलीकॉलर, मेक आर्गेनिक इंडिया- ब्लॉक अफसर, स्कार्पिक्स इंडिया- बिजनेस स्पोर्ट एग्जीक्यूटिव, एक्जेंट एक्वा प्राइवेट लिमिटेड- एचआर एग्जीक्यूटिव, टेस्को रिनेवेबल एनर्जी साल्यूशंस बिजनेस डेवलमेंट समेत आठ कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर नियुक्ति का अवसर मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजगार मेला में 18-35 वर्ष के युवा शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेला पूरी तरह से ऑनलाइन मोड में होगा। ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले युवाओं से संबंधित कंपनी फोन पर साक्षात्कार लेगी। चयनित युवाओं को ऑनलाइन नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
150 युवाओं को मिली नौकरी
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चरगांवा में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन मंगलवार को किया गया। इसमें नोएडा स्थित त्रिवेणी आलमीरा ने 150 युवाओं का लिखित एवं साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से चयन किया। 626 प्रशिक्षुओं ने इसके लिए पंजीकरण कराया था। चयनित प्रशिक्षुओं को कंपनी की ओर से 16860 रुपये का मानदेय प्रदान किए जाएगा। 18-25 वर्ष के युवाओं ने इसमें हिस्सा लिया।
आईटीआई चरगांवा के प्रधानाचार्य सत्यकांत ने बताया कि सरकारी या निजी आईटीआई से वर्ष 2017-19 और 2018-20 में एक वर्षीय या दो वर्षीय आईटीआई प्रशिक्षण हासिल कर चुके वेल्डर, फिटर, पेंटर, सीट मेंटल, मशीनिस्ट, ग्राइंडर, टर्नर, टूल एवं डाई मेकर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, प्लंबर, वायरमैन और इलेक्ट्रोप्लेटर उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को रोजगार मेला में शामिल होने का मौका दिया गया।
उन्होंने बताया सहायक श्रमवीर पद के लिए आवेदन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रतिमाह मानदेय के साथ प्रोडक्शन इंसेंटिव न्यूनतम 800 रुपये मासिक, प्रति छह माह में वेतन वृद्धि के रूप में 600 रुपये, एक वर्ष में 18 आकस्मिक अवकाश और ग्रेच्युटी एवं मासिक पेंशन का लाभ 10 वर्ष पूरे होने पर मिलेगा। आयोजन में त्रिवेणी अलमीरा के शैलेंद्र त्रिपाठी, दुर्गेश सिंह, अनिल यादव, विजय शंकर, अनूप त्रिपाठी, सुखदेव, अजीत कुमार, राज करन सिंह और प्लेसमेंट प्रभारी संदीप कुमार वर्मा शामिल रहे।