घायल टीटीई और मारपीट का आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर एक्सप्रेस में आवास विकास निगम के एक अवर अभियंता ने टीटीई की पिटाई कर दी। आरोप है कि अभियंता पहले खुद को दरोगा बताकर जनरल टिकट पर एसी कोच में यात्रा करने दबाव बना रहा था। जब टीटीई ने मना कर दिया तो बहसबाजी की और टीटीई की पिटाई कर दी। टीटीई के मुंह से खून निकलता देख सहयोगियों ने अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। घटना की जानकारी पर जीआरपी ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को गोरखपुर से एलटीटी जाने के लिए कुशीनगर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर लगी थी। इसी बीच आवास विकास निगम लिमिटेड, बस्ती में तैनात अवर अभियंता अंसार अली ने टीटीई मजहर अली पर एसी कोच में यात्रा करने का दबाव बनाया। अवर अभियंता के पास जनरल का टिकट था। उसने खुद को दरोगा बताते हुए पहले तो टीटीई पर धौंस जमाई और एसी कोच में बैठ गया।
इसे भी पढ़ें: खेत की रखवाली करने गए अधेड़ की सिर कूचकर हत्या, हत्यारों ने हाथ-पैर भी तोड़ा
टीटीई ने जब ऐसा करने से मना किया और नीचे उतरने को कहा तो उसने बहस शुरू कर दी। इस पर जब टीटीई ने विरोध किया तो उसने पिटाई कर दी। टीटीई के मुंह व नाक से खून आने लगा। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने उनका इलाज कराया और खुद को दरोगा बताने वाले जेई को पकड़ कर जीआरपी को सौंप दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि टीटीई की तहरीर पर मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, टीटीई के साथ मारपीट की घटना की जानकारी मिलने पर कर्मचारी संगठन स्टेशन पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद राय भी पदाधिकारियों के साथ स्टेशन पहुंचे और घटना पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि तत्काल ऐसी घटनाओं पर रोक लगाया जाए और ट्रेन में चलने वाले कर्मचारियों का सहयोग किया जाए ताकि वे निष्ठापूर्वक रेल टिकट की जांच कर सकें। उनके साथ देवेंद्र प्रताप यादव, मनोज द्विवेदी, सतीश चंद अवस्थी, दीपक चौधरी, जयप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।