उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में एक तरफ जाम और दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही। इन दोनों मुश्किलों के कारण लोगों की जान पर बनने लगी है। रविवार को सिविल एयरपोर्ट, नंदानगर से मोहद्दीपुर चौराहे पर एक मरीज घंटों मौत से लड़ता रहा। एंबुलेंस (यूपी32बीजी-9538) का चालक रास्ते के लिए हूटर बजाता रहा, लेकिन थोड़ी दूर पर मौजूद पुलिस कर्मी के कान में जूं तक नहीं रेंगी।
मालूम हो कि, शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या हो रही है। सिविल एयरपोर्ट, नंदानगर से मोहद्दीपुर चौराहे पर रविवार शाम ट्रैफिक जाम हो गया। वाहनों की लंबी कतारें सड़क पर रेंगती रहीं। घंटों लगे इस जाम में आम से खास हर कोई परेशान होता रहा।
इसी जाम में एंबुलेंस भी फंस गई। उसे निकलने के लिए कहीं से कोई रास्ता नहीं मिला। चंद पुलिसकर्मी मुख्य चौराहे पर खड़े दिखे। लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने एंबुलेंस को जल्द रास्ता दिलवाने की जहमत नहीं उठाई।