डीडीयू की कुलपति से मुलाकात के दौरान प्राचीन इतिहास के शिक्षक और शोधार्थी।
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्राचीन इतिहास, पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग के शोधार्थी धनंजय गोंड को जर्मनी के चेम्नित्ज में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित यूरोपीय शैक्षिक अनुसंधान ग्रीष्मकालीन स्कूल (ईईआरएसएस) में प्रतिभाग के लिए आमंत्रित किया गया है।
इसका आयोजन यूरोपीय शैक्षिक अनुसंधान संघ (ईईआरए) की ओर से 15 से 19 जून तक किया जाएगा। इस वर्ष के कार्यक्रम का मुख्य विषय ''शिक्षा और शैक्षिक अनुसंधान में तुलना'' रखा गया है। इसके लिए देशभर के चुनिंदा शोधकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें शोधकर्ता अपने शोध अनुभवों को साझा करेंगे और उन्हें सीखने का भी अवसर प्राप्त होगा।
इस उपलब्धि पर विभागाध्यक्ष प्रो. प्रज्ञा चतुर्वेदी, प्रो. राजवंत राव और शोधार्थी धनंजय ने कुलपति प्रो. पूनम टंडन से मुलाकात की। कुलपति ने शोधार्थी को शुभकामनाएं दीं।