गुलरिहा (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक छात्रा से स्कूल आते-जाते छेड़खानी और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने गुलरिहा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले दो युवक काफी समय से स्कूल आते-जाते उसके साथ छेड़खानी करते हैं। इनकी हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने स्कूल जाना तक छोड़ दिया है। परिजन का आरोप है कि इससे पहले भी दोनों युवकों की शिकायत उनके परिवार वालों से की गई थी लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा का कोई वीडियो बना रखा है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। थाना प्रभारी जेपी पाल ने कहा कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।