गोरखपुर शहर की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस, एक अवसर मिलने भर की देर है, फिर ये बेटियां खुले आसमान में अपने सपनों को उड़ान दे सकती हैं।
बचपन से ही नृत्य और एक्टिंग का शौक रखने वाली कृति ने मशहूर वेबसीरीज ‘मिर्जापुर’ में एक रिपोर्टर और ‘सावधान इंडिया’, ‘मौका ए वारदात’ सीरियल के साथ ‘ग्लोबल भोजपूरियंस’ एलबम में सहायक कलाकार और कलाकार के रूप अदाकारी का जलवा बिखेरा है।
जटेपुर में व्यवसायी पिता नंद किशोर गुप्ता और गृहिणी मां मनोरमा गुप्ता के साथ रहने वाली कृति गुप्ता आगामी मूवी ‘नाइन्थ फ्लोर’ और वेबसीरीज ‘बिहार डायरीज’ में काम कर रही हैं। कृति का शुरुआती सफर भी मुश्किलों से भरा रहा है। गोरखपुर में अपने गुरु दिवंगत पीयूष कांत अलग और रवींद्र रंगधर से एक्टिंग का ककहरा सीखा है। उनके मार्गदर्शन में ही नेशनल स्कूल ऑफ ड्रॉमा वाराणसी के लिए चयन हुआ।
फिलहाल, कृति मुंबई में रहकर बॉलीवुड के कई सीरियल और आने वाली फिल्मों में कार्य कर रही हैं। कृति का प्रारंभिक सफल भी काफी मुश्किल भरा रहा है। परिवार से छिपकर नृत्य और एक्टिंग का प्रशिक्षण लिया। जब परिवार को पता चला तो सभी ने पढ़ाई में भविष्य बनाने की सलाह दी। मगर, कृति ने जैसे-तैसे उनको मनाया और आज पूरे परिवार को बिटिया की उपलब्धि पर गर्व है।
सपनों के शहर में करना पड़ा संघर्ष
कृति ने बताया कि वाराणसी से लौटने के बाद मेरे परिवार ने मेरा हर कदम पर सहयोग किया। मुंबई जाकर काम करने की अनुमति दी। शुरुआत में सांवला रंग होने की वजह से स्टेज पर पीछे की पंक्ति में खड़ा कर दिया जाता था। मगर, मैंने कभी हौसला नहीं खोया। फिलहाल, वाराणसी में एक आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए आई हूं।