गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी।(file)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के गांव को संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए शासन के निर्देश पर कार्य योजना तैयार की जा रही है। मेजर ध्यान चंद पथ योजना के तहत इन्हें संवारा जाएगा।
लोक निर्माण विभाग ने पत्र लिखकर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी से ऐसे खिलाड़ियों की सूची मांगी है। जिसके बाद से खेल विभाग ने सभी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से 13 अगस्त तक अपना पूरा बॉयोडाटा क्षेत्रीय खेल कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से सूबे की कमान संभालने के बाद से खेल को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा रहा है। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक हासिल करने पर अच्छी पुरस्कार राशि प्रदान की जा रही है। वहीं नौकरी से लगायत सुविधा और संसाधन को भी बढ़ाया जा रहा है।
इसी कड़ी में सीएम ने ये एलान किया था कि सूबे के सभी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के गांव को संपर्क मार्ग से जोड़ा जाएगा। उनके निर्देश पर लोक निर्माण विभाग की ओर से खाका तैयार किया जा रहा है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय ने बताया कि खिलाड़ियों को अपना पूर्ण बायोडाटा (नाम/पता/मो.न./खेल उपलब्धी) जमा कराना है। इस सूची को लोक निर्माण विभाग को मुहैया कराया जाएगा।