कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) गोरखपुर क्षेत्र के 72 हजार सक्रिय खाताधारकों के खातों में वित्तीय वर्ष 2019-20 के ब्याज की धनराशि भेज दी गई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय आयुक्त मनीष मणि ने बताया कि गोरखपुर परिक्षेत्र के तहत बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा और बस्ती जिले आते हैं।
इन सभी जिलों में लगभग एक लाख 20 हजार खाताधारक हैं। इन खाताधारकों में लगभग 72 हजार सक्रिय हैं। सभी सक्रिय खाताधारकों के खातों में वित्तीय वर्ष 2019-20 के ब्याज की धनराशि भेज दी गई है।
घर बैठे मोबाइल फोन से जानें खाते का बैलेंस
कर्मचारियों के खातों में ब्याज की धनराशि पहुंच चुकी है। खाते का बैलेंस जानने के लिए कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। घर बैठे मोबाइल फोन के माध्यम से तीन तरीकों से खाते का बैलेंस जाना जा सकता है।
उमंग एप: यह सरकारी एप है। अपने स्मार्ट फोन में उमंग एप को डाउनलोड करें। फोन नंबर को पंजीकृत करने के बाद एप में लॉगिन करें। ऊपर बाएं तरफ दिए गए मेन्यू में जाकर सर्विस डायरेक्ट्री में जाएं। यहां ईपीएफओ विकल्प को सर्च करके क्लिक करें, फिर व्यू पासबुक में जाएं और अपने यूएएन नंबर और ओटीपी के जरिए बैलेंस देखें।
एसएमएस : इसके लिए जरूरी है कि आपका यूएएन नंबर ईपीएफओ में पंजीकृत हो। आपको अपने यूएएन नंबर को 7738299899 पर लिखकर भेजना होगा। इसके बाद मोबाइल पर बैलेंस से संबंधित मैसेज पहुंच जाएगा।
मिस-कॉल के जरिए : एसएमएस सर्विस की तरह मिस कॉल के जरिए भी पीएफ बैलेंस जान सकते हैं। इसके लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस कॉल करनी होगी। इसके लिए आपका यूएएन, पैन और आधार लिंक होना जरूरी है।