मेडिकल कॉलेजों के लोकार्पण का पीएम का कार्यक्रम स्थगित
- एनएमसी की स्वीकृति के बाद प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों को जनता को समर्पित करेंगे प्रधानमंत्री
- सीएम ने किया मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, 31 जुलाई तक सभी मानक पूरे करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जनपद समेत प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों के लोकार्पण का प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। लोकार्पण कार्यक्रम 30 जुलाई को जिले के बीएसए ग्राउंड में प्रस्तावित था। कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दी। कहा कि अब राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद (एनएमसी) की टीम के निरीक्षण और स्वीकृति के बाद पीएम मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण करेंगे। सीएम ने अफसरों को 31 जुलाई तक मेडिकल कॉलेज के सभी मानक पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
मेडिकल कॉलेज और पीएम के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का निरीक्षण करने जनपद आए सीएम ने कहा कि सिद्धार्थनगर समेत प्रदेश के नए नौ मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया इसी सत्र से शुरू हो जाएगी। इन कॉलेजों का एनएमसी की टीम निरीक्षण करने वाली है। आयोग की स्वीकृति मिलते ही प्रधानमंत्री के कर कमलों से मेडिकल कॉलेजों को जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में मेडिकल कॉलेज के संचालन में आ रही कमियों की जानकारी ली और प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा और महाप्रबंधक राजकीय निर्माण निगम को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम दीपक मीणा ने भी 30 जुलाई को प्रस्तावित पीएम का कार्यक्रम स्थगित होने की पुष्टि की है। समीक्षा बैठक में प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, सीडीओ पुलकित गर्ग, एएसपी सुरेश चंद्र रावत, सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, सीएमएस डॉ. नीना वर्मा आदि मौजूद रहे।