संतकबीरनगर जिले में पांच दिन पूर्व जिगिना मोड़ के पास हादसे में घायल हुए युवक की उपचार के लिए लखनऊ ले जाने के दौरान रास्ते में सोमवार को मौत हो गई। परिजन शव लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। बाद में सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
कोतवाली क्षेत्र के जिगिना गांव निवासी मनोज कुमार पुत्र श्रीराम ने बताया कि 14 अप्रैल को उसका 34 वर्षीय भाई बाइक से खलीलाबाद की ओर से घर जा रहा था। अभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिगिना मोड़ के पास पहुंचा ही था कि लापरवाही पूर्वक तेज गति से गुजरे वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे लखनऊ लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सोमवार को परिजन शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीड़ित भाई मनोज कुमार की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।