अगर कोरोनारोधी टीका लगवाए बिना ही मोबाइल फोन पर टीकाकरण का संदेश आए या टीका लगवाने के बाद भी उसका प्रमाणपत्र न निकले तो घबराए नहीं। यह एक तकनीकी समस्या है, जो आसानी से ठीक हो सकती है। इसकी सूचना कंट्रोल रूम को देनी होगी।
गोरखपुर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि जिन लोगों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वे टोल फ्री नंबर 1075 या जिले के कंट्रोल रूम नंबर 0551-2202205, 9532041882 या 9532797104 पर संपर्क कर सकते हैं। अगर इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो सीएमओ कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
प्रमाणपत्र में भी खुद कर सकते हैं सुधार
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि लाभार्थी के प्रमाणपत्र में अगर कोई कमी है तो वह एक बार उसमें सुधार कर सकते हैं। नाम, आयु, लिंग, फोटो आईडी, द्वितीय खुराक के बावजूद अनवैक्सिनेटेड प्रमाणपत्र प्राप्त होना, विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट पर प्रमाणपत्र विवरण अंकित न होने, कोरोना पोर्टल पर लॉगिन करने के लिए किसी अन्य मोबाइल नंबर का उपयोग और पोर्टल पर लाभार्थियों के मोबाइल नंबर गलत होने जैसी कमियों को लाभार्थी खुद ठीक कर सकते हैं।