दीवाली 2020 रेल लाइनों पर कार्य करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सौगात लेकर आई है। इमें ट्रैकमैन, प्वाइंटमैन, गैंगमैन और गेटमैन, चपरासी और खलासी आदि लोग शामिल हैं। विभागीय पदोन्नति के बाद 54 सहायक स्टेशन मास्टर और 46 वाणिज्य सह टिकट लिपिक बने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है।
नए साल में इनमें से कुछ रेलवे स्टेशनों की जिम्मेदारी संभालेंगे तो कुछ टिकट बुक या टिकट जांच करेंगे। इनका प्रशिक्षण गाजीपुर स्थित क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान में शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण दो माह तक चलेगा।
पदाधिकारियों का कहना है कि अभी भी सहायक लोको पायलटों और टेकनीशियन के करीब 120 पदों पर तैनाती नहीं हो पाई है। जबकि, विभागीय पदोन्नति परीक्षा पास करने के बाद रेलकर्मी तैनाती के लिए विभाग का चक्कर लगा रहे हैं। वहीं रेलवे प्रशासन पदों के अभाव का हवाला देते हुए जल्द तैनाती का आश्वासन दे रहा है।
1800 से 1900 ग्रेड पे पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पदोन्नति के बाद अब उन्हें 4200 ग्रेड पे पर नौकरी करेंगे। यही नहीं उनको मिलने वाली सुविधाएं भी बढ़ जाएंगी।
स्लीपर कोच में यात्रा करने वाले रेल कर्मचारी अब वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में परिवार के साथ यात्रा कर सकेंगे। दरअसल, रेलवे प्रशासन योग्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सामान्य विभागीय सीमित (जीडीसीई) परीक्षा के जरिए आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है।