- आरएसएस की ओर से आयोजित अखंड भारत संकल्प दिवस पर हुई गोष्ठी
गोरखपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महानगर दक्षिण के विद्यार्थी कार्य विभाग की ओर से शुक्रवार को दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बढ़ी शक्ति, सामर्थ्य, बल और बुद्धि-संपन्न राष्ट्र रहा है। भारत की ज्ञान, शिक्षा और संस्कृति की परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है।
प्रांत प्रचारक ने बंग-भंग आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब अंग्रेजों ने बंगाल को विभाजित करने का षड्यंत्र किया तब पूरे देश ने एकजुट होकर इसका विरोध किया। व्यापक जनविरोध के परिणामस्वरूप अंग्रेजों को वर्ष 1911 में बंग-भंग का निर्णय वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश स्वतंत्रता के समय षड्यंत्रपूर्वक देश के एक बड़े भूभाग को भारत से अलग कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल गीतों, कहानियों और उपदेशों से नहीं मिली बल्कि लाखों क्रांतिकारियों और महापुरुषों के त्याग एवं बलिदान का यह परिणाम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज के प्राचार्य ओमप्रकाश ने कहा कि हम अपने स्वाभिमान, गौरव और आदर्शों को भूलते गए जिसका लाभ बाहरी आक्रांताओं ने उठाया। कार्यक्रम का संचालन आराध्या पांडेय ने किया।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक अजय, जिला प्रचारक मनीष, संजीव, सुशांत, आशुतोष, सौरभ, अक्षत आदि उपस्थित रहे।