- इंडेन गैस एजेंसी पर लोगों को नहीं मिल पाया सिलिंडर, आठ दिन पहले डिलीवरी का आया था मैसेज
- लोग बोले- पड़ोसी से उधार लेकर चल रहा काम
गोरखपुर। घरेलू गैस सिलिंडर के लिए गैस एजेंसियों पर भोर से ही लाइन लग रही है। गैस गोदाम पर स्टॉक खत्म होने के चलते अधिकतर उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को निराश लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि आठ दिन पहले डिलीवरी का मैसेज आया लेकिन लाइन में लगने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिला।
बक्शीपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर बुधवार सुबह नौ बजे और सूर्यकुंड इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम पर सुबह 8:45 बजे रसोई गैस सिलिंडर का स्टॉक खत्म हो गया। इससे अधिकतर लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। गैस एजेंसी पर कतार में खड़े तुर्कमानपुर के अफजल ने कहा कि 29 अप्रैल को डिलीवरी का मैसेज का आया था। एजेंसी के कर्मचारी ने कहा कि ट्रक आते ही होम डिलीवरी करा दी जाएगी लेकिन अब चार दिनों से लगातार एजेंसी और गैस गोदाम के चक्कर लगा रहे हैं फिर भी सिलिंडर नहीं मिला।
उधर, सूर्यकुंड गैस एजेंसी के गोदाम पर खड़ी रोजी खातून ने कहा कि घर का सिलिंडर दो सप्ताह से खाली पड़ा है। तीन दिनों से गैस गोदाम पर लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले जब गैस खत्म हुआ था, तो पड़ोसी से सिलिंडर मांगकर काम चल रहा था लेकिन अब उनका भी सिलिंडर खत्म होने की कगार पर है।
सूर्यकुंड इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारी मनीष यादव ने बताया कि रविवार व मंगलवार को सिर्फ एक-एक ट्रक सिलिंडर आया। बुधवार को भी दोपहर दो बजे तक सिलिंडर लेकर ट्रक नहीं आया था।