- बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौटते समय विवेकपुरम कॉलोनी में हुई वारदात
- पांच-छह लोगों पर मारपीट का आरोप, हमले में सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें
- पीड़ित का आरोप-समय मांगने पर मिल रही थी जान से मारने की धमकी
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के विवेकपुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह रुपये के लेन-देन को लेकर कोयला व्यापारी नंदलाल जायसवाल पर पांच-छह लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने हॉकी, डंडे और लोहे की रॉड से उन्हें पीटा और भाग गए। नंदलाल के सिर, हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची रामगढ़ताल पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नंदलाल ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उन्होंने एक व्यक्ति से रुपये उधार लिए थे। इसमें से कुछ रकम वापस कर दी थी, जबकि बाकी रकम पर हर महीने ब्याज देते थे। पिछले कुछ महीनों से वह ब्याज की रकम भी नहीं चुका पा रहे थे। उनका कहना है कि उन्होंने भुगतान के लिए कुछ समय मांगा था लेकिन आरोप है कि इसके बाद संबंधित व्यक्ति की ओर से लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
नंदलाल ने इस संबंध में कई बार थाने में शिकायत करने का भी दावा किया है। नंदलाल के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे वह बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। घर से करीब 600 मीटर पहले विवेकपुरम कॉलोनी में पांच छह लोगों ने उन्हें घेर लिया। जिसमें आरोपी व्यक्ति और उसके रिश्तेदार सहित कुछ अज्ञात शामिल थे। हॉकी, डंडे और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटने के बाद आरोपी भाग गए। घटना की जानकारी किसी ने पीड़ित के पत्नी को दी। पत्नी अंजलि ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद वो अपने पति के पास पहुंची तो देखा कि उसके पति जमीन पर खून से लतपथ पड़े हुए थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके से पहुंची रामगढ़ताल थाने की पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज किया गया। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी श्यामानंद राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।