- गीडा थाना क्षेत्र का मामला, परिजन बोले- युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ
पिपरौली। गीडा थाना क्षेत्र के सेक्टर-07 में शनिवार देर शाम पानी की टंकी पर चढ़े एक युवक को पिपरौली चौकी पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, पानी की टंकी पर युवक के चढ़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अमरेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को सकुशल नीचे उतार लिया और उसे थाने ले आए। युवक की पहचान गोलू राजभर निवासी बैजू डेहरा, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई।
युवक के परिजन ने बताया कि गोलू मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है। सीओ गीडा केएन आनंद ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। युवक को परिजन को सौंप दिया गया है।