गोरखपुर। शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के पुलिस के दावों के बीच सोमवार को शाहपुर क्षेत्र के कौवाबाग पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित रेलकर्मी के घर से दिनदहाड़े नकदी समेत चार लाख की चोरी हो गई। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी।
घटना कौवाबाग रेलवे कॉलोनी स्थित मकान संख्या 438-ए की है। वहां पूर्वोत्तर रेलवे के लेखा विभाग में वरिष्ठ लेखाकार पद पर कार्यरत स्वप्निल श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे लंच के लिए जब वे लौटे तो घर का नजारा देखकर दंग रह गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी टूटी हुई थी और दीवान बेड भी क्षतिग्रस्त मिला।
जांच करने पर पता चला कि चोर घर के पीछे का फाटक तोड़कर अंदर घुसे थे और अलमारी समेत अन्य स्थानों को खंगालकर सोने के आभूषण व करीब 50 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले मकान की रेकी की गई थी।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।