- बरईपुर गांव का मामला, विरोध में आधे घंटे तक रुकी रही प्रतिमा
- गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस पर पथराव से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि पास की एक बस्ती से होकर गुजर रहे जुलूस पर आधा दर्जन अराजकतत्वों ने पत्थर फेंके। इससे नाराज आयोजकों और श्रद्धालुओं ने एक किराना स्टोर के पास प्रतिमा रोककर विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद गांव के पूरब स्थित तालाब में प्रतिमा का विसर्जन कराया गया। मामले में एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस गांव की एक बस्ती से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ अराजकतत्वों ने जुलूस पर पथराव कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज आयोजकों और श्रद्धालुओं ने एक किराना स्टोर के पास प्रतिमा रोक दी और विरोध जताने लगे। इसके चलते करीब आधे घंटे तक विसर्जन जुलूस रुका रहा। माहौल बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने आयोजकों और श्रद्धालुओं को समझाकर स्थिति संभाली। इसके बाद गांव के पूरब स्थित तालाब में दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन कराया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना की जांच की जा रही है।
गांव में पुलिस तैनात, एसपी नार्थ कर रहे निगरानी
घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एहतियात के तौर पर पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एसपी नार्थ भी पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।