चिल्लूपार (गोरखपुर)। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बैरियाखास गांव में सोमवार सुबह एक खेत में 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान केवटान टोला निवासी मिथिलेश साहनी (35) पुत्र रामसमुझ के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे मिथिलेश को बैरियाखास-पिडहनी मार्ग के किनारे बैठे देखा गया था। सोमवार सुबह उसी मार्ग के पास स्थित एक खेत में उनका शव पड़ा मिला। बड़हलगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। अब पुलिस की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है।
परिजन के अनुसार, मिथिलेश अपने पिता रामसमुझ की पहली पत्नी से जन्मे तीन बच्चों में सबसे बड़े थे। पहली पत्नी के निधन के बाद मिथिलेश के पिता ने दूसरी शादी की है। मिथिलेश अपनी पत्नी और बेटी के साथ मुंबई रहते थे। बताया जा रहा है कि वहां नशे की लत लग गई, जिसके बाद मिथिलेश को घर लाया गया। उनकी पत्नी बेटी को पढ़ाने के लिए बीते जून माह में वापस मुंबई चली गईं। परिजन का कहना है कि गांव आने के बाद भी मिथिलेश नशीले पदार्थों का सेवन करते थे।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल हर पहलू की जांच की जा रही है।