बड़हलगंज क्षेत्र के डेरवा चौराहे का मामला, ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी
बड़हलगंज। क्षेत्र के डेरवा चौराहे पर शुक्रवार को 10 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के बाद निकली चिंगारी पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल पर जा गिरी, जिससे उसमें आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाकर बड़ा हादसा बचा लिया।
आग की चपेट में राहमुद्दीन खान की बाइक आ गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया। मैभरा के ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि उनके घर के सामने लगा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर लंबे समय से ओवरलोड चल रहा था। कम क्षमता के बावजूद उस पर अधिक विद्युत भार होने के कारण वह अक्सर खराब हो जाता था। इसकी जानकारी हाल ही में विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी दी गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि समय रहते क्षमता बढ़ा दी जाती तो यह घटना नहीं होती।
विद्युत विभाग के एसडीओ सुशील कुमार सोनी ने बताया कि ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण एक मोटरसाइकिल में आग लगी थी, जिसे ग्रामीणों ने तुरंत बुझा दिया। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।