मृतक बेटी और भतीजी और महिला( घायल, उपचार चल रहा)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाली बिंदू तीन बार पहले भी खुदकुशी का प्रयास कर चुकी है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। घटना की सूचना आम होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, गोरखनाथ इलाके के चक्सा हुसैन निवासी शिव प्रसाद चौहान (60) का बड़ा बेटा रवि हैदराबाद रहता है।
शव को बाहर निकालती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छोटा बेटा खुशवन, पत्नी सरिता और बड़े भाई रवि की पत्नी बिंदू चौहान पास की कॉलोनी पार्वतीपुरम स्थित दूसरे घर पर रहते हैं। दोनों घरों के बीच दूरी कम होने की वजह से दिन भर आना-जाना लगा रहता है।
रवि की बेटी नैना बगल में स्थित कृष्णा कान्वेंट स्कूल में एलकेजी में पढ़ती है। जबकि खुशवन की तीन साल की बेटी शीतल घर पर रहती है। बुधवार को बिंदू पार्वतीपुरम वाले घर पर बेटी नैना को छोड़कर सुबह करीब नौ बजे चक्सा हुसैन स्थित घर पर गई थी। वहां घर पर परिवार के लोग साफ-सफाई कर रहे थे। खुशवन की बेटी शीतल बार-बार रो रही थी। इस वजह से उसकी मां सरिता परेशान हो रही थी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ससुर शिव प्रसाद ने कहा कि शीतल को बिंदू के साथ दूसरे घर पर भेज दो, वहां नैना के साथ खेलेगी। इसके बाद बिंदू शीतल को लेकर पार्वतीपुरम स्थित घर चली आई। शिव प्रसाद की बेटी नेहा ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि नकहा क्राॅसिंग पर बिंदू भाभी ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गई हैं। सूचना पर नकहा पहुंचकर उन्हें सभी लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचाए। इसके बाद बच्चियों को खोजना शुरू किया।
तीन घंटे तक खोजने के बाद पार्वतीपुरम स्थित घर गए तो वहां शटर में ताला लगा था। ताला तोड़कर अंदर गए तो बेड पर नैना और शीतल मृत अवस्था में पड़ी थीं। उनके गले में साड़ी के फाल का फंदा बंधा था।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि दोनों बच्चों को पहले फंदे से लटकाकर महिला ने मार डाला। इसके बाद खुदकुशी के इरादे से ट्रेन के आगे कूद गई। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसका इलाज चल रहा है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।